
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालामुखी मेें वीरवार को केंद्रीय मंत्रालय व शिमला एनआरएचएम कार्यालय से दो महिला डाक्टरों की टीम ने दस्तक दी। टीम ने पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया। इस टीम में डॉ. सविता व डॉ. नीरंजना शामिल रहीं। उन्होेंने ज्वालामुखी अस्पताल के हर वार्ड व कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया व स्वयं मरीजों से उनकी देखभाल की जानकारी ली। अस्पताल में जच्चा-बच्चा के बारे में भी मरीजों व तीमारदारों से व्यक्तिगत रूप से छानबीन की।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह एनआरएचएम की टीम कांगड़ा जिला के दौरे पर थी। इस दौरान टीम ज्वालामुखी अस्पताल का दौरा करना भूल गई थी। जबकि टीम के सदस्यों ने मां ज्वाला के दर्शन किए थे। बावजूद इसके अस्पताल का निरीक्षण करना जरूरी नहीं समझा था। इस मुद्दे को प्रदेश के नंबर नव समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद टीम ने 21 नवंबर को दोबारा से ज्वालामुखी में दस्तक देकर अस्पताल का रुख किया। एनआरएचएम टीम का कहना है कि वह जिला के और अस्पतालों का निरीक्षण भी करेगी और रिव्यू रिपोर्ट में शामिल करेंगे। टीम एक सप्ताह तक विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। अमर उजाला की खबर के चलते टीम ने ज्वालाजी अस्पताल से ही निरीक्षण की पहल की। इस मौके पर डॉ. सतिंद्र वर्मा, डॉ. लेखराज, क्षय रोग पर्यवेक्षक अनिल राणा, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दीपक सूद मौजूद रहे।
