
ज्यूरी (शिमला)। क्षेत्र में मंगलवार को आए तूफान से लोगों के घरों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि एक बच्चे के घायल होने की सूचना है। प्रशासन की ओर से हल्का पटवारी ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार तूफान के कारण करण सुनेन के घर की दीवार गिर गई है। इसकी चपेट में आने से बृज मोहन की दुकान और दुर्गा नंद टोलटा के होटल को नुकसान पहुंचा है, जबकि नानक चंद के कमरे की छत तूफान से उड़ गई है। छत की चादर उड़ने से एक नेपाली मूल का बच्चा घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि बच्चे को उपचार के लिए रामपुर लाया गया है। इससे पहले नोग वैली में भी तूफान आने से स्कूल की छत उड़ गई थी। तूफान से बागवानों के सेब के पौधों को भी नुकसान पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से हल्का पटवारी ज्योति चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी घटना का जायजा लिया और इसकी एक रिपोर्ट तैयार की है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जा रही है।
