ज्ञानसू में ठप है जलापूर्ति, लोगों ने किया रास्ता जाम

उत्तरकाशी। आपदा को 17 दिन बीत चुके हैं। व्यवस्थाएं बहाल करना तो दूर प्रशासन अब तक ज्ञानसू के लोगों को पानी तक मुहैया नहीं करा पाया है। बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे ज्ञानसू के लोगों ने एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार गंगोत्री राजमार्ग जाम कर तेवर दिखाए। मौके पर पहुंचे जल संस्थान के ईई को लोगों ने जमकर कोसा। बुधवार शाम तक आपूर्ति बहाल होने के लिखित आश्वासन पर जाम तो खोल दिया गया, लेकिन पानी न आने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
बाढ़ से ठप पड़ी जलापूर्ति बहाल न होने पर ज्ञानसू की जनता ने पहले 28 जून को राजमार्ग जाम किया था। तब एसडीएम आल जल संस्थान के ईई ने 30 जून तक जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया था। कार्रवाई न होने पर ज्ञानसू की जनता मंगलवार को फिर सड़क पर उतर आई। जल संस्थान तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने यहां जाम लगा दिया। जाम में शामिल सकला देवी, शर्मिला, सरोज आदि महिलाओं का कहना था कि इन अधिकारियों को कभी दूर से पानी ढोना पड़े तो उन्हें जनता का दर्द पता चले। एक घंटे से भी ज्यादा समय तक राजमार्ग जाम रहने के बाद जल संस्थान के ईई आरएस नेगी मौके पर पहुंचे तो जनता ने उनका घेराव कर खूब खरीखोटी सुनाई। लिखित आश्वासन के बाद ही जाम खोला गया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष जयेंद्री राणा, सभासद रवींद्र जोशी, अजीत पंवार, विजय संतरी आदि मौजूद थे।

Related posts