
उत्तरकाशी। शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू कराने सहित अन्य मांगों को लेकर जोशियाड़ा के बाढ़ प्रभावितों ने बुधवार को ढोल नगाड़ों के साथ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। गंगोत्री हाईवे पर सांकेतिक चक्काजाम के साथ ही उन्होंने कलक्ट्रेट में बैठक ले रही क्षेत्रीय सांसद तथा डीएम का घेराव भी किया।
ढोल नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानसू गैस गोदाम के पास गंगोत्री हाईवे पर सांकेतिक चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। उन्हें पता चला कि सांसद मालाराज्य लक्ष्मी और डीएम बैठक ले रहे हैं तो प्रदर्शनकारी वहीं पहुंच गए और सभागार के बाहर जमकर नारेबाजी की। मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें भीतर नहीं घुसने दिया। करीब एक घंटे तपती धूप में इंतजार करने से आपदा प्रभावित और भड़क उठे। उन्होंने बैठक के बाद बाहर निकलती सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह व डीएम डा.पंकज पांडेय का घेराव किया। सांसद पहले ही आपदा से निपटने में राज्य सरकार को विफल बता चुकी हैं। प्रभावितों का रोष को देखते हुए डीएम ने अक्तूबर प्रथम सप्ताह से आरसीसी बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू कराने तथा सितंबर अंत तक गंगोत्री हाईवे पर यातायात बहाली का लिखित आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में बाढ़ पीड़ित संघर्ष समिति के किशन सिंह पंवार, विजेंद्र नौटियाल, मोहन डबराल, कलीराम गुंसाई, हुकम सिंह पोखरियाल, चंदन सिंह राणा, पन्नालाल शाह, जगदीश शाह, कर्ण सिंह, नारायण पंवार आदि दर्जनों बाढ़ प्रभावित मौजूद थे।
