जोनल अस्पताल में आधा दर्जन नए मामले पॉजिटिव

मंडी। जिले में स्क्रब टायफस ने अपने पांव पसार दिए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में स्क्रब टायफस के आधा दर्जन और नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसका खुलासा जिला स्वास्थ्य अधिकारी को भेजी रिपोर्ट में हुआ है।
जानकारी के अनुसार गत रोज अस्पताल से नौ सैंपल भेजे गए थे। इनमें से छह मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव मामलों में अधिकतर रोगी महिलाएं बताई जा रही हैं। सभी रोगी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। शनिवार को भी नौ रोगियों का ब्लड सैंपल संभावित तौर पर स्क्रब टॉयफस जांच के लिए लैब भेजा गया है। जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है। जोनल अस्पताल में इन दिनों पचास फीसदी मरीज बुखार से पीड़ित पहुंच रहे हैं। जिले में अभी तक दो महिलाओं की स्क्रब टॉयफस से मौत हो चुकी है। इधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनके भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि गत दिन की रिपोर्ट में छह नए मरीज पॉजिटिव हैं। सभी मरीजों को वार्ड में दाखिल किया गया है।
उधर, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. हेमंत कपूर का कहना है कि बुखार से संबंधित मामलों में संभावित तौर पर स्क्रब टॉयफस की दवाई लिखने के दिशा-निर्देश डॉक्टरों को दिए हैं। दवाई का अस्पताल में स्टॉक पर्याप्त उपलब्ध है।

Related posts