जोघों चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर

नालागढ़ (सोलन)। कीटनाशक निगलने के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। नालागढ़ उपमंडल की जोघों चौकी के तहत नंड कोलका गांव की एक महिला को कीटनाशक खाने के बाद बुधवार को नालागढ़ अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिसने शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही एसपी बददी एस अरुल कुमार, डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा पुलिस टीम सहित अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया और बिसरा जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक की माता को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार युवक की खोजबीन में पुलिस दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार महिला का मोबाइल गुम हो गया था और उसके लिए उसने मन्नतें मांगी थी। बाद में महिला की रिश्तेदारी में ही एक युवक ने उसका मोबाइल लौटाया था। इस पर महिला नालागढ़ पुलिस के पास शिकायत लेकर गई थी। पुलिस पर आरोप है कि महिला की शिकायत को अनसुना कर उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी। आरोपी से खौफजदा महिला ने इसके बाद जहर निगल लिया था।

अस्पताल की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में
अस्पताल के जिस वार्ड में महिला उपचाराधीन थी, उसी वार्ड के अन्य मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि महिला वीरवार मध्यरात्रि करीब 2:30 तीन बजे पानी मांग रही थी। नाम न छापने की शर्त पर अस्पताल में दाखिल एक मरीज ने कहा कि महिला को गलूकोज और आक्सीजन लगा हुआ था, जो कि पूरी तरह से ड्राई हो चुका था। सुबह करीब 5:30 बजे नर्सों ने आनन फानन में महिला को टीका लगाया और सुबह करीब 8:30 बजे रात्रि ड्यूटी में तैनात चिकित्सक ने महिला की जांच की तो परिजनों से उसे पीजीआई रेफर करने की बात कही। परिजन अन्य लोगों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया। उधर सीएमओ शशीपाल ने कहा कि अगर अस्पताल प्रबंधन की इसमें कोई गलती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।

दूसरा इंचार्ज तैना किया
एसपी बद्दी एस अरुल कुमार ने कहा कि पुलिस इस मामले में धारा 306, 511 व 506 के तहत कार्रवाई कर रही है और आरोपी युवक महिंद्र सिंह की माता विद्या देवी पत्नी लेखराज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि जोघों चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दूसरा इंचार्ज तैनात कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और बिसरा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आनी वाकी है।

Related posts