
मंडी। चौंतड़ा क्षेत्र के लांगणा तथा बसाही धार में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते बसाही से लेकर कांढापतन पुल तक जगह-जगह ल्हासे गिरने से जोगिंद्रनगर-सरकाघाट स्टेट हाईवे 5 दिन से बंद है। हालांकि, विभाग ने कांढापतन पुल के आसपास सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन खड़नाला के पास अधिक ल्हासा गिरने के चलते स्टेट हाईवे 5 दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाया है। मामले को लेकर पूर्व बीडीसी सदस्य तथा ग्रामीणों ने विधायक एवं पूर्व लोनिवि मंत्री को शिकायत पत्र भेजा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले को लेकर विभाग कोताही बरत रहा है, जबकि मलबे को तुरंत हटाकर सड़क बहाल की जा सकती है। विभाग की मात्र एक ही जेसीबी मौके पर काम कर रही है। जबकि विभाग का दावा है कि मौके पर आधा दर्जन जेसीबी काम पर जुटी है। स्थानीय निवासी राजकुमारी, रोशनी देवी, गोजरी देवी, भेखा राम आदि का कहना है कि जगह-जगह गिरे ल्हासों को उठाने में विभाग की नाकामी का खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। लांगणा, धार, खड़ीहार, तुलाह पंचायत के क्षेत्रों में बारिश से कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हैं, जिन्हें बुधवार को 15 दिन हो जाएंगे, लेकिन विभाग की ओर से अभी तक यहां लेबर तक नहीं भेजी गई है। ड्रेनेज सिस्टम ठीक न होने के चलते बरसात में सड़कें नालों का रूप धारण कर रही हैं।
इधर, पूर्व बीडीसी सदस्य लांगणा राजकुमारी वर्मा का कहना है कि अवरुद्ध सड़कों की ओर जरा भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। 15 दिन से इलाके के दर्जनों संपर्क मार्ग बंद हैं। जबकि स्टेट हाईवे गत 5 दिन से बंद है। मामले को लेकर स्थानीय विधायक से शिकायत की गई है। इस बारे में एसडीओ लोनिवि मंगलेश कुमार का कहना है कि मशीनरी लगाई गई है। पहाड़ी सड़क पर आ जाने के चलते मार्ग बहाल नहीं हो पाया है। जल्द ही जोगिंद्रनगर-सरकाघाट हाईवे बहाल किया जाएगा।
