जोगिंद्रनगर रेलमार्ग दूसरे दिन भी बंद

पपरोला (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर लगातार सातवें दिन रेल सेवाएं बाधित रहने से रेल यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। बीते दिन चौंतड़ा के पास पुली धंसने से ठप पड़ा जोगिंद्रनगर रेलमार्ग वीरवार को भी बहाल नहीं हो सका। वहीं बैजनाथ-पपरोला से कोपरलाहड़ के लिए 4 रेलगाड़ियां रद्द की गईं। इस कारण यात्रियों को निराश वापस लौटना पड़ा। वहीं जोगिंद्रनगर के लिए भी दोनों रेलगाड़ियां नहीं जा सकीं।
हालांकि वीरवार को मौसम साफ होने पर रेल विभाग ने राहत की सांस ली व क्षतिग्रस्त पुली की दिन-रात मरम्मत जारी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार मौसम साफ रहा तो 1-2 दिन में जोगिंद्रनगर के लिए रेल सेवा बहाल होने की संभावना है। उधर, बैजनाथ-पपरोला से कोपरलाहड़ के लिए वीरवार को सुबह 7.20 और 11 बजे ही रेलगाड़ियां रवाना हुईं। जबकि सुबह 4 बजे, दोपहर बाद सवा दो, 4 बजे और साढ़े 5 बजे चलने वाली रेलगाड़ियां स्थगित की गईं। कोपरलाहड़ से भी 2 ही रेलगाड़ियां पपरोला पहुंची। कांगड़ा रेल थमने से सबसे अधिक परेशानी रेल में रोजाना सफर करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पठानकोट जाने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। कई यात्री ट्रेन के इंतजार में पपरोला रेलवे स्टेशन पर घंटों बैठे रहे।
उत्तर रेलवे फिरोजपुर के मंडल प्रभारी एनसी गोयल का कहना है कि कांगड़ा घाटी रेलमार्ग पर रेल यातायात बहाल करने के लिए रेल विभाग प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह जल्द ही अधिकारियों से बात करेंगे।

Related posts