
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विधायक एवं पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने जोगिंद्रनगर क्षेत्र के पंद्रह मोहालों में जमीन की खरीद फरोख्त को शहरी एवं नगर नियोजन विभाग के दायरे में लाने का कड़ा विरोध किया है। विधायक के मुताबिक यहां जमीन खरीदने और बेचने पर इस विभाग की अनुमति लेना जरूरी कर दी है। वे यहां पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मनमाने ढंग से इसे यहां की गरीब जनता पर थोपा है। यह जनता के साथ न्यायसंगत नहीं है। कहा कि लोस चुनाव से पहले ही कांग्रेस सरकार ने जोगिंद्रनगर क्षेत्र की जनता के सामने सबसे बड़ी मुश्किल का पहाड़ खड़ा कर दिया है। वे इस क्षेत्र के विधायक हैं और उनसे तो इस संदर्भ में सहमति नहीं ली गई। न ही जोगिंद्रनगर नपं के पार्षदों और पंचायत प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र की जनता से इस संदर्भ में चर्चा की। कहा कि यदि सरकार ने इसे रद नहीं किया तो यहां की गरीब जनता आंदोलन पर उतर आएगी। इसे लागू करने से पहले सरकार को चाहिए था कि वे प्रतिनिधियों और क्षेत्र की जनता के साथ इस संदर्भ में चर्चा करती। पंचायत स्तर पर इसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा और जनता को जागरूक कर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
