जोगिंद्रनगर में मकान पर गिरी चट्टान

जोगिंद्रनगर (मंडी)। नगर पंचायत जोगिंद्रनगर में काली माता मंदिर के समीप पांच नंबर वार्ड में एक पक्के मकान के ऊपर चट्टान और पत्थर गिरने से लाखों का नुकसान हुआ है। हालांकि, इस हादसे में किसी को चोट नहीं लगी है। घटना के समय मकान के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। रात भर से हो रही तेज बारिश के कारण काली माता मंदिर की ओर से भारी भरकम चट्टान और पत्थर गिरने से आलीशान मकान को नुकसान पहुंचा है। मकान मालिक सुभाष गोस्वामी एनएचपीसी कुल्लू में कार्यरत हैं। यह घटना शनिवार सुबह छह बजे पेश आई। जब मकान के साथ पहाड़ी से भारी बारिश के कारण चट्टान और पत्थर मकान पर जा गिरे। सुभाष के छोटे भाई संजीव ने बताया कि वह घटना से थोड़ी देर पहले ही वहां से निकले थे। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता की जाए। उधर, नायब तहसीलदार दुर्गा सिंह ने बताया कि विभागीय कर्मियों को नुकसान का आकलन करने के आदेश दे दिए गए हैं। राहत मेनुअल के तहत पीडित को हर मदद मुहैया करवाई जाएगी।

Related posts