
चौंतड़ा (मंडी)। भारी बरसात से बजगर खड्ड में आई बाढ़ ने कहर बरपाया। बरनाऊ गांव में श्मशानघाट बह गया है। साथ ही भटेहड़ के पास रेलवे पुल को नुकसान पहुंचा है। जिस कारण जोगिंद्रनगर-पपरोला के बीच रेल यातायात बहाल नहीं हो पाया है। प्रधान संजीव कुमार ने बताया कि भडयाड़ा पंचायत में बजगर खड्ड के किनारों पर भारी तबाही हुई है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बरनाऊ श्मशानघाट के निर्माण के लिए धन का प्रावधान किया जाए। ताकि नए श्मशानघाट का निर्माण किया जा सके। रेलवे अधिकारी मनोज कुमार गोयल ने बताया कि भटेहड़ के पास रेलवे पुल को नुकसान हुआ है और जिस कारण से रेल सुविधा बंद पड़ी हुई है। उधर, सुक्र खड्ड का जलस्तर बढ़ने से ग्राम पंचायत ऐहजू के तरामट गांव में भी नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान शेष राम ने बताया कि भारी वर्षा से कई स्थानों पर चेक डैम, कूहलें, क्रेटवाल बह गए हैं और कई स्थानों पर भूमि कटाव हुआ है। पस्सलहार निवासी कमलेश कुमारी ने बताया कि उनके घर के साथ सगनेहड़हार को पंचायत की ओर से बनाई गई सिंचाई कूहल बंद हो जाने से बरसात का सारा पानी उनके घर और गौशाला में घुस रहा है।
