
सांगला (किन्नौर)। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने बैठक का आयोजन करके जेसीसी की बैठक के संबंध में चर्चा की। बैठक प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में रिकांगपिओ में हुई। बैठक में संघ की गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को महासंघ की समस्याओं के बारे में भी अवगत करवाया गया। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने समस्याओं पर विचार करके उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लोकसभा चुनावों के संपन्न होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ जेसीसी की बैठक की जाएगी। जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश नेगी ने बताया कि जेसीसी की बैठक में महासंघ की समस्याओं को उठाने के साथ-साथ यात्रा भत्ता और शीतकालीन भत्ते की मांग की जाएगी। जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश नेगी और महासचिव ने बताया कि बैठक में जिले के समस्त पदाधिकारियों ने फैसला लिया है कि किन्नौर के कर्मचारी मंडी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में मतदान करेंगे। बैठक में महासंघ के महासचिव गोपाल कृष्ण शर्मा, मुख्य प्रवक्ता हरीश गुलेरिया, उपाध्यक्ष राजीव नेगी, जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश नेगी, महासचिव देवेंद्र नेगी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मस्तराम सहित जिला महांसघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
