
चंबा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चंबा के नए बस स्टेंट का निर्माण जेल परिसर में चिन्हित जगह पर ही किए जाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही जेल शिफ्ट होगी, नए बस स्टेंड का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। जिला मुख्यालय में नया अंतरराज्यीय बस अड्डा निर्मित किया जाएगा। इससे यहां पर हिमाचल के साथ-साथ बाहरी राज्यों के लिए भी बस सुविधा मिलेगी। यह बात उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि शिमला की तर्ज पर चंबा के पुराने बस अड्डे से नए बस आईएसबीटी तक निरंतर बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। नए बस अड्डे के साथ टैक्सी स्टेंड का भी निर्माण किया जाएगा, ताकि निजी वाहनों को पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि सुलतानपुर में निर्माणाधीन कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही उपायुक्त को निर्देश दिए हैं कि कॉलेज की भूमि की डिमार्केशन की जाए। जरूरत पड़ने पर इसके लिए भूमि अधिग्रहण करके कॉलेज के लिए अच्छा परिसर बनाया जाए और चारदीवारी लगाई जाए। चंबा का गौरवमयी इतिहास रहा है और यहां की उच्च परंपराएं, खान-पान, संगीत एवं सभ्यता समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं। इसे संजोए रखना हमारा कर्तव्य है। चंबा की विशिष्ट हस्तकला चंबा रूमाल, चंबा चित्रकला एवं संगीत को देश-विदेश में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस समृद्ध संस्कृति एवं कला के संरक्षण के लिए कृतसंकल्प है। हिमाचल के गठन से लेकर आज तक प्रदेश के विकास में कांग्रेस सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि दशकों पहले जिला चंबा की स्थिति कुछ ओर ही थी। कांग्रेस सरकार ने ही इस क्षेत्र के विकास की रूपरेखा बनाई है। इसके चलते आज जिला की स्थिति बदल चुकी है। उपायुक्त संदीप कदम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को चंबा रूमाल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने चंबा के इतिहास से संबंधित स्मारिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक आशा कुमारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष नीरज नैयर, नगर समिति चंबा की अध्यक्ष अनिता ठाकुर, मुख्यमंत्री के सलाहकार टीजी नेगी भी उपस्थित थे।
