
जम्मू: किश्तवाड़ में सम्प्रदायिक हिंसा से प्रभावित इलाकों का दौरा करने जा रहे भाजपा नेता अरूण जेटली को जम्मू हवाई अड्डे पर रोक दिया गया। जम्मू सरकार ने किश्तवाड़ को राजनीतिक नेताओं की पहुंच से दूर कर दिया है। जेटली के साथ किश्तवाड़ जा रहे पंजाब से भाजपा के राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को भी पुलिस ने उस समय रोक दिया जब वे आज सुबह कठुआ में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसका विरोध करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अलोकतांत्रिक बताया है।
मोदी ने ट्विटर पर आज कहा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली और अन्य नेताओं को किश्तवाड़ जाने की अनुमति नहीं दी गई। यह लोकतंत्र विरोधी कदम है। उन्होंने कहा है कि विपक्ष नेताओं को जिस तरह से रोका गया है, उससे साफ है कि राज्य सरकार किश्ववाड़ का सच बाहर आने पर रोक रही है।
वहीं, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने दावा किया कि उन्हें श्रीनगर से उनके घर से उस समय निकलने से रोक दिया गया जब वे जम्मू क्षेत्र के हिंसा प्रभावित जिले का दौरा करना चाहती थी। जम्मू कश्मीर भाजपा अध्यक्ष जुगल किशोर के नेतृत्व में जेटली की आगवानी करने आए दल ने उन्हें रोके जाने के खिलाफ जम्मू हवाई अड्डे पर विरोध प्रदर्शन किया।
जम्मू के मंडल आयुक्त शांतमनु ने एक न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘जेटली को नयी दिल्ली से आने पर जम्मू हवाई अड्डे पर रोक लिया गया।’’
