
धर्मशाला। तपोवन में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान परिवहन मंत्री जीएस बाली ने टाटा की आर्डनरी बसें सीएम को दिखाईं। परिवहन मंत्री ने विस परिसर में दो नई बसें मंगवाईं। इसमें सारी कैबिनेट बैठी। वहीं, परिवहन मंत्री ने सीएम को बस के सारे फीचर बताए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में 800 बसें जेएनआरयूएम के तहत आ रही हैं। इससे लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी। हालांकि, सौ फीसदी राहत नहीं मिल पाएगी, लेकिन काफी हद तक यात्रियों के लिए राहत रहेगी। सीएम ने कहा कि पुरानी बसें कंडम की जाएंगी तथा इनकी जगह नई बसें चालू की जाएंगी। बाली ने कहा कि 515 में से 125 बसें इसी माह एचआरटीसी बेड़े में जुट जाएंगी। इन बसों में डीलक्स बस जैसी कुछ सुविधाएं हैं, जिनमें बोतल रखने, खड़े होने के लिए डाउन हैंडल, इमरजेंसी विंडो, टेक्निकल मिरर आदि कई सुविधाएं हैं। बाली ने कहा कि जल्द ही पुरानी बसों के स्थान पर यह आधुनिक सुविधाओं से लैस बसें दौड़ेंगी।
इनसेट….
विपक्ष ने दिखाई दूरी
परिवहन मंत्री विस परिसर में दो बसें लाए, लेकिन विपक्ष ने बसों से दूरी दिखाई। विपक्ष सदन की कार्यवाही से निकलकर सीधा अपनी गैलरी में निकल गया।
