जून को गोद लेने को 350 दंपतियों के आवेदन

अल्मोड़ा। हल्द्वानी में लावारिश हालत में मिली ‘जून’ अल्मोड़ा के शिशु सदन में पल रही है। जन्म देने वाली मां ने किन्हीं परिस्थितियों में इस अबोध को सड़क के किनारे फैंक दिया था लेकिन अब ‘जून’ को गोद लेने के लिए 350 से अधिक दंपतियों ने आवेदन किए हैं। राजकीय शिशु सदन में वर्तमान में 28 बच्चों की परवरिश हो रही है लेकिन ‘जून’ ही ऐसी बच्ची है जो मानकों के अनुसार गोद दिए जाने योग्य हैं।
राजकीय शिशु सदन कुमाऊं का एकमात्र आश्रय गृह है। जहां सरकार द्वारा बच्चों की परवरिश की जाती है। यहां लाए जाने वाले बच्चों को नियमानुसार आवेदक दंपतियों को गोद दिया जाता है, ताकि उन्हें मां-बाप का प्यार और अच्छा भविष्य मिल सके। राजकीय शिशु सदन अल्मोड़ा की अधीक्षिका शीला आर्या ने बताया कि शिशु सदन में वर्तमान में 28 बच्चों की परवरिश हो रही है। इनमें से गत जुलाई से हल्द्वानी से लाई गई बालिका ‘जून’ ही एक मात्र बच्ची है जिसेे गोद दिया जाना है। उन्होंने बताया कि गोद लेने के लिए 350 आवेदन जमा हैं। नियमानुसार निर्धारित कमेटी की बैठक में अनुमोदन होने के बाद ही बच्ची को गोद दिया जाएगा।

Related posts