
शिमला। राजधानी के राशन कार्ड धारकों को जुलाई में राशन का अतिरिक्त कोटा दिया जाएगा। प्रशासन को सरकार से अतिरिक्त कोटा मिलने के चलते जुलाई में विशेष व्यवस्था की जाएगी। जुलाई में प्रति राशन कार्ड 5 किलो अतिरिक्त आटा और 2 किलो अतिरिक्त चावल दिए जाएंगे। अगस्त में पुराने तरीके से ही राशन देने की बात प्रशासन कर रहा है।
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने बताया कि सभी राशन कार्ड धारकों को जुलाई में 20 किलो आटा और 8 किलो चावल प्रति राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। बीपीएल और अंत्योदेय परिवारों को 15 किलो चावल और 20 किलो गंदम उपलब्ध करवाया जाएगा। जुलाई से सभी कार्ड धारकों को काबली चना प्रति किलो उपलब्ध करवाया जाएगा जबकि 3 से 5 या इससे अधिक सदस्यों वाले राशनकार्ड धारकों को उड़द, मूंग दी जाएगी। बीपीएल और अंत्योदेय श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को 15 किलो चावल, 20 किलो गंदम और काबली चना प्रति किलो उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी श्रेणी के 3 से 5 सदस्यों वाले परिवारों को उड़द और मूंग प्रति किलो दी जाएगी। सरसों तेल, नमक पहले की तरह सभी राशन कार्ड धारकों को मिलता रहेगा। उपायुक्त ने कहा कि खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय समय पर थोक भंडारों एवं उचित मूल्य की दुकानों से नमूने भरे जाएंगे ताकि लोगों को उचित गुणवत्ता का खाद्यान्न मिलता रहे।
