
स्कालर एकेडमी में छात्र की बेरहम तरीके से पिटाई करने के मामले में स्कूल तंत्र ने आरोपी शिक्षक के बजाय छात्र का पक्ष लेने वाले शिक्षक को हटा दिया। इसके विरोध में दूसरे शिक्षक ने भी इस्तीफा दे दिया। उधर, घायल छात्र का मंगलवार को सीटी स्कैन कराया गया। हालांकि अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
हरिद्वार रोड स्थित स्कालर एकेडमी पब्लिक स्कूल में सोमवार को इंटर के छात्र हर्षिल की एक शिक्षक ने खाली पीरियड में बात करने पर बेरहमी से पिटाई कर दी थी। पिटाई से छात्र बेसुध हो गया था। शिक्षक की सूचना पर स्कूल पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया था। अचेत अवस्था में छात्र को अस्पताल भर्ती कराया गया था। छात्र की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मंगलवार को हर्षिल का सीटी स्कैन कराया गया।
वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर न मिलने के कारण मामले की जांच देरी हो रही है। इसी बीच आरोपी शिक्षक के बजाय स्कूल प्रबंध तंत्र ने दूूसरे शिक्षक पर कार्रवाई का चाबुक चला दिया। छात्र की बेवजह पिटाई का विरोध करने वाले कॉमर्स के टीचर विशाल जैमवाल को नसीहत देते हुए स्कूल से हटा दिया गया है। जैमवाल पर कार्रवाई के विरोध में बायो के टीचर रहमान ने भी इस्तीफा दे दिया है।
दोनों शिक्षकाकों का आरोप है कि स्कूल तंत्र इस मामले में हठधर्मिता दिखा रहा है। शिक्षक रहमान का आरोप है कि पिटाई करने वाले को बचाया जा रहा है, जबकि बेकसूर विशाल जैमवाल को स्कूल से निकाल दिया। इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने भी त्याग पत्र दे दिया है। �
बेवजह मामूली मारपीट को दिया जा रहा तूल
स्कूल परिसर में जो कुछ भी हुआ वह सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस को वो फुटेज दिखा दी गई है। बेवजह मामूली मारपीट को तूल दिया जा रहा है। स्कूल प्रशासन को विश्वास में न लेने पर नाराजगी जताने पर एक शिक्षक ने नौकरी न करने की बात कही तो दूसरे ने समर्थन में त्यागपत्र दे दिया। यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
– एसएस नागियान, प्रधानाचार्य स्कॉलर एकेडमी
दर्ज कराएंगे मुकदमा
फिलहाल हम बेटे के उपचार में व्यस्त हैं। दिन भर हरिद्वार में टेस्ट कराने में लगे रहे। बुधवार सुबह थाने में तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
– राकेश, छात्र के पिता
