
रोहडू। जुब्बल और रोहडू के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी अंधेरा छाया हुआ है। हालांकि 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन तो रविवार दोपहर तक बहाल कर दी गई थी, बावजूद इसके ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि भारी बर्फबारी से क्षतिग्रस्त हुई एचटी और एलटी लाइनों को जोड़ने का कार्य विद्युत बोर्ड के कर्मचारी कर रहे हैं।
जुब्बल क्षेत्र में चार दिन से अंधेरा छाया हुआ है। रविवार शाम को जुब्बल के दस प्रतिशत क्षेत्रों में तो बिजली बहाल हो गई थी, लेकिन 90 प्रतिशत क्षेत्र अभी भी अंधेरे में हैं। कोटखाई क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतें बाघी, रतनाड़ी, क्यारवी, बखोल, कलबोग और गरावग पंचायतें चार दिन से अंधेरे में हैं। रोहडू के 30 प्रतिशत क्षेत्र में बिजली रविवार शाम को ही बहाल कर दी गई थी। 60 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र अभी भी अंधेरे में हैं। कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों तक तो सप्लाई बहाल कर दी गई है, लेकिन एलटी लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से ट्रांसफार्मरों से आगे विद्युत सेवाएं नहीं दी जा रही हैं।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता आरपी शर्मा ने बताया कि 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन तो रविवार दोपहर को ही जुड़ गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी से एचटी और एलटी लाइनें काफी क्षतिग्रस्त हुई हैं। लाइनों को जोड़ने का कार्य चल रहा है।
