
जुब्बल (कोटखाई)। हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी महासंघ ने अपना 14वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। संघ की जुब्बल कोटखाई इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कालीबाड़ी हाल शिमला में किया गया। इस दौरान जुब्बल कोटखाई को सर्वश्रेष्ठ इकाई के रूप में सम्मानित भी किया गया।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि शतप्रतिशत सदस्यता तथा अच्छे कार्यों के लिए जुब्बल कोटखाई इकाई को सम्मानित किया गया है। उन्होंने सम्मान के लिए प्रदेश कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया है। संघ के प्रेस सचिव बलबीर शक्टेट ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को भी उठाया गया तथा कर्मियों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई गई। संघ की मांग है कि सभी वर्ग के कर्मियों को मोबाइल भत्ता दिया जाए। दूरदराज क्षेत्रों में काम कर रहे कर्मियों को बिजली शट डाउन करवाने तथा एक दूसरे से संपर्क साधने में दिक्कतें पेश आती हैं। सभी संपर्क मोबाइल फोन के माध्यम से ही साधे जाते हैं। ग्रेड-पे का एरियर प्रदेश में सभी जगह एक वर्ष पहले बन चुका है, लेकिन जुब्बल मंडल में एरियर अभी तक नहीं बनाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र एरियर नहीं दिया गया तो कर्मचारी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। बिजली बोर्ड में घटते तकनीकी कर्मचारियाें की संख्या पर भी विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर संघ के सचिव प्रकाश शर्मा सहित जिला शिमला तथा किन्नौर की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
