
जुब्बल (शिमला)। जुब्बल तहसील की भोलाड़ पंचायत के तहत राथल में चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोरों ने घर के ताले तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है।
सोजु राम के परिवार को शादी में जाना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब चोरों ने घर में किसी को न पाकर दो लाख की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार एक मई की रात सोजु राम और उनकी पत्नी सुरमा देवी अपनी बेटी के साथ भोलाड़ गांव में ही एक शादी में शरीक होने गए थे। घर पर ताला लगाकर बुधावर शाम पूरा परिवार शादी में चला गया। इसी बीच चोरों ने घर पर किसी को न पाकर चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने घर में रखे ट्रंकों के कुंडों को तोड़ा और 74 हजार रुपये की नकदी सहित 1.32 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। सुरमा देवी जब अपनी बेटी सहित रात बारह बजे शादी से घर पहुंचीं तो उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना अपने पति को दी तथा पुलिस में चोरी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि, पुलिस ने शुक्रवार को भी मौके का दौर कर जांच की है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर कर दी गई है। चोरों की तलाश की जा रही है। दावा किया कि शीघ्र चोर पुलिस की पकड़ में होंगे।
