जीवन संगिनी निकली हत्या की सूत्रधार

शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई थाना अंतर्गत जेजवीं के दूरघाट में गत मार्च माह में हुए हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह मामला देवर-भाभी के बीच प्रेम प्रसंग का निकला। देवर ने भाभी के साथ षड्यंत्र रचकर अपने सगे भाई को मौत के घाट उतारा था। सोमवार को पुलिस ने महिला प्रोमिला को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि गत 28 मार्च को दूरघाट निवासी प्रेमलाल किसी काम से बाहर गया था। रात को घर वापस लौटते समय छोटे भाई संजीव ने उस पर हमला किया था। सिर पर डंडे के वार से लहूलुहान प्रेमलाल की बाद में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में संजीव को गिरफ्तार कर लिया था। हाल ही में घुमारवीं में पेशी के दौरान संजीव पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। 48 घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे दोबारा धर दबोचा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रेमलाल को रास्ते से हटाने के लिए उसकी पत्नी प्रोमिला व छोटे भाई संजीव ने षड्यंत्र रचा था। 28 मार्च को प्रोमिला किसी काम से बाहर गए अपने पति से मोबाइल पर इस बात की जानकारी हासिल करती रही कि वह कब और किस रास्ते से घर आ रहा है। यह सूचना वह संजीव को देती रही। इसी जानकारी के आधार पर रास्ते में घात लगाकर छिपे संजीव ने प्रेमलाल पर हमला किया था। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस प्रेमलाल की हत्या के मामले की गहन छानबीन कर रही थी। इसमें खुलासा हुआ कि प्रोमिला ने देवर संजीव के साथ मिलकर अपने पति प्रेमलाल की हत्या की साजिश रची थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि महिला से पूछताछ की जा रही है।

Related posts