
सुजानपुर (पठानकोट)। पुलिस ने माधोपुर में नाके पर जांच के दौरान एक महिंद्रा जीप से साढ़े दस लाख की नगदी बरामद की है। नगदी हिमाचल प्रदेश से जम्मू-कश्मीर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस संबंध में आयकर विभाग को सूचित कर जीप मालिक और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है।।
सुजानपुर के थाना प्रभारी राजेंद्र मन्हास ने बताया कि पुलिस ने वीरवार को माधोपुर में वाहनों की जांच के दौरान पठानकोट की ओर से आ रही महिंद्रा जीप को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी में जीप से 10 लाख 50 हजार की नगदी बरामद की गई। इस पर पुलिस ने जीप के मालिक हिमाचल के चंबा जिला के गांव जलाडी निवासी मोहम्मद मुस्ताक और ड्राइवर गांव लाहरु निवासी जाहिद अली को हिरासत में ले लिया और इस राशि के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में दोनों आरोपी नगदी के संबंध में कोई दस्तावेज और रसीद तक नहीं दिखा सके। सुजानपुर पुलिस ने नगदी व जीप को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है। राजेंद्र मन्हास ने बताया कि इस राशि को आयकर विभाग के अधिकारियों को जांच के लिए सौंप दिया जाएगा।
