
रोहडू। टिक्कर पुलिस चौकी के तहत शनिवार रात उमलाडवार के समीप एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे एक जीप नंबर पीबी 65 जी-8289 बागी की ओर जा रही थी। उमलाडवार के समीप अचानक गाड़ी गहरी खाई में लुढ़क गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए टिक्कर अस्पताल लाया गया। घटना में गाड़ी चालक हंस्टाड़ी निवासी सुशील (30) की मौत हो गई है। जबकि, हंस्टाड़ी निवासी बलविंद्र तथा राजपाल घायल हो गए हैं। इन्हें टिक्कर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि उमलाडवार के समीप शनिवार रात वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दो अन्य व्यक्तियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
