जीप की टक्कर से बच्चे की मौत

घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत घल्याणा गांव में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तारी जीप ने साइकिल चला रहे बच्चे को टक्कर मार दी। इससे साइकिल पर सवार बच्चा सिर के बल सिर पर गिर गया। बुरी तरह से जख्मी हो गया। नाजुक हालत में ग्रामीण और परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, 12 वर्षीय बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात लगभग नौ बजे 12 वर्षीय छात्र अभिषेक कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी घल्याणा साइकिल पर अपने घर लौट रहा था। अचानक सामने से आ रही जीप ने उसे टक्कर मार दी। जीप चालक सुनील कुमार भी घल्याणा गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिषेक के सिर में गहरी चोटें आई थी। नाजुक हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक लहर छा गई है। उधर, पुलिस ने जीप चालक सुनील कुमार के खिलाफ भादंसं की धारा 279 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसएचओ घुमारवीं सीता राम संधू ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस बारे छानबीन की जा रही है। उधर, इस घटना से संजय कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

Related posts