जीत से यूपीए-3 का आगाज : कौल सिंह

पधर (मंडी)। स्वास्थ्य राजस्व एवं कानून मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी लोकसभा उप चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत से 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में यूपीए-3 का आगाज हो गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता ने यूपीए सरकार की कल्याणकारी योजनाआें और प्रदेश सरकार के पांच माह के कार्यकाल पर विश्वास जताते हुए प्रतिभा सिंह को रिकार्ड मतों से विजयी बनाकर संसद भेजा है। इससे जाहिर हो गया है कि 2014 में प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपना परचम फहराएगी। कौल सिंह ने कहा कि केंद्रीय स्तर पर भाजपा में जिस तरह विघटन हो रहा है, उसके परिणाम आम जनता के सामने हैं। कई दिग्गज नेता भाजपा से खुद किनारा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की ऐतिहासिक जीत पर मंडी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताते हुए बधाई दी। कहा कि कम मतदान होने के बावजूद यह जीत ऐतिहासिक साबित हुई है। प्रदेश की जनता को कांग्रेस सरकार से अनेक उम्मीदें हैं, यही वजह है कि उपचुनाव में कांग्रेस को अपार समर्थन जनता का मिला है और अगले वर्ष होने वाले चुनाव में भी मिलेगा। उन्होंने उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत होने का श्रेय राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, उपाध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को दिया है।

Related posts