
टनकपुर। शिक्षा के विकास में सरकार ने क्षेत्र को एक और तोहफा दिया है। सरकार ने स्थानीय बालिका इंटर कालेज में 100 छात्राओं की क्षमता वाला छात्रावास मंजूर किया है।
दर्जा कैबिनेट मंत्री क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल की पहल पर सरकार ने पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना, इंजीनियरिंग कॉलेज और स्पोर्ट्स हास्टल की मंजूरी के बाद अब छात्रावास के निर्माण को मंजूर दी है। दर्जा मंत्री ने बताया कि एससी-एसटी और बीपीएल परिवार की छात्राओं के लिए बन रहे इस छात्रावास में 100 छात्राओं के लिए आवासीय व्यवस्था मुहैया होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक करोड़ रुपये का बजट सरकार ने अवमुक्त कर दिया है। निर्माण कार्य पेयजल निर्माण निगम को सौंपा गया है। इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी डीसी गौड़ ने बताया कि बालिका शिक्षा के तहत केंद्र सरकार की योजना के तहत गढ़वाल मंडल में छह और कुमाऊं में एक छात्रावास स्वीकृत हुआ है। यहां छात्रावास जीजीआईसी परिसर में बनेगा, जिसके लिए भूमि चिह्नित की जा चुकी है।
