जीआईसी सौंराखाल में गुरुजी ही मार रहे बंक

रुद्रप्रयाग। राजकीय इंटर कॉलेज सौंराखाल में स्कूल के मुखिया बिना अवकाश लिए नदारद चल रहे हैं। मुखिया के गायब होने का फायदा उठाते हुए कर्मचारी भी स्कूल से गायब हो गए। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) केके गुप्ता के छापा मारे जाने के बाद मामला सामने आया।
डीईओ गुप्ता ने बृहस्पतिवार को विकास ख्ंाड जखोली में स्थित जीआईसी सौंराखाल भरदार का आकस्मिक निरीक्षण किया। वे विद्यालय पहुंचे, तो प्रधानाचार्य गायब मिले। रजिस्टर चेक करने के बाद पता चला कि वे सात सितंबर से अनुपस्थित चल रहे हैं। नियमानुसार उनको आकस्मिक अवकाश के लिए बीईओ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करना चाहिए था। साथ ही अवकाश में जाने से पूर्व स्कूल की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए एक शिक्षक को जिम्मेदारी देने का आदेश भी देना था, लेकिन ऐसा नहीं पाया। विद्यालय के भौतिक, गणित विषय के प्रवक्ता भी बृहस्पतिवार को बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित मिले। प्रशासनिक अधिकारी भी 24 सितंबर एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर गायब चल रहे थे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरी शंकर वर्मा ने बताया कि विद्यालय में शिक्षक/कर्मचारियों की अनुपस्थिति की अनियमितता मिली है, जिस पर डीइओ ने बीईओ को गैर हाजिर शिक्षक/कर्मचारियों का सितंबर माह का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।

Related posts