
अल्मोड़ा। ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन और परिसीमन के बाद जिले में 10 ग्राम पंचायतें बढ़ गई हैं। अब जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या 1158 से बढ़कर 1168 हो गई है। सर्वाधिक तीन ग्राम पंचायतें धौलादेवी ब्लाक में बढ़ी हैं। इस संबंध में पूर्व में प्राप्त 10 आपत्तियों का डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने निस्तारण किया।
ग्राम पंचायतों के गठन को लेकर प्रशासन को 10 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। कमेटी ने बृहस्पतिवार को इनका निस्तारण किया। जिला मजिस्ट्रेट अक्षत गुप्ता ने बताया कि 10 नई ग्राम पंचायतें बढ़ने के बाद जिले में 1168 ग्राम पंचायतें हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि हवालबाग ब्लाक में ग्राम पंचायत गोलना करड़िया से पृथक कर बख, पांडेखोला से पृथक कर अथरबनी, धौलादेवी ब्लाक में चल्थी से पृथक कर चौना, अड़चाली से मेलकांडे, गुरुड़ाबांज से पृथक कर लधौली, चौखुटिया ब्लाक में ग्राम पंचायत हाट से पृथक कर झला, पीपलधार से पृथक कर रमनागांव, द्वाराहाट ब्लाक में दलमाड़ से पृथक कर कोट्यूड़ा, भैंसियाछाना ब्लाक में ग्राम पंचायत दियारी से पृथक कर मल्ली धौनी, न्यौली से पृथक कर नैनीगूंठ नई ग्राम पंचायतें गठित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि नई ग्राम पंचायतों का गठन संबंधित क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हए जिला स्तर पर गठित कमेटी ने किया है। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर अंतिम प्रकाशन की सूची संबंधित ब्लाक कार्यालयों के अलावा सीडीओ, एएमए जिला पंचायत को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ डा. अहमद इकबाल, प्रशिक्षु आईएएस विजय कुमार जोगदंडे, एएमए शेर सिंह परगांई, डीपीआरओ सुरेश बेनी, एडीपीआरओ हरीश आर्या आदि उपस्थित थे।
