जिले में वाहनों के पहिए जाम

मंडी। टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में जिला भर में कमर्शियल वाहनों की हड़ताल सफल रही। मंडी व सुंदरनगर में ऑटो रिक्शा के पहिए जाम रहे, जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। इसके अलावा टैक्सी, पिकअप व ट्रक भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते पैकेट बंद दूध, ब्रेड व पनीर की सप्लाई प्रभावित रही। मंडियों से सब्जी की सप्लाई नहीं हो पाई। तीन दिवसीय हड़ताल पर कमर्शियल वाहन मालिक अड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
प्रदेश व्यापी आह्वान पर सोमवार को टैक्स वृद्धि के विरोध में जिला भर में हड़ताल का व्यापक असर रहा। पूरे जिले में ऑटो, टैक्सी, ट्रक, पिकअप व अन्य कमर्शियल व्हीकल नहीं चले। मंडी व सुंदरनगर में ऑटो रिक्शा की सेवाएं पूरी तरह से ठप रहीं। हड़ताल के पहले दिन टैक्सी, ऑटो व ट्रक ऑपरेटरों ने कामकाज बंद रखा। मंडी शहर में करीब साढ़े तीन सौ ऑटो न चलने से स्कूली बच्चों को पैदल सफर कर स्कूल पहुंचना पड़ा। कई अभिभावकों ने बच्चों को अपने निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल पहुंचाया, जिससे मंडी के विक्टोरिया पुल के पास सुबह के समय लंबा जाम लगा रहा।
जिले के मंडी, नेरचौक, गोहर, सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, धर्मपुर व चौंतड़ा आदि क्षेत्रों में टैक्सी, ट्रक व ऑटो रिक्शा की हड़ताल सफल रही। नेरचौक में ट्रक ऑपरेटरों ने टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन किया। वहीं टैक्सी चालकों ने चौंतड़ा में रैली निकाल कर सरकार व परिवहन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की है। गोहर में कमरूनाग टैक्सी यूनियन गोहर के प्रधान पंकज शर्मा ने कहा कि जब तक सरकार अपना निर्णय वापस नहीं लेती है, तब तक टैक्सी यूनियन हड़ताल का समर्थन करती रहेगी। देव भूमि टैक्सी यूनियन के प्रधान पवन कुमार ने बताया कि कमर्शियल वाहनों का टैक्स बढ़ाना न्याय संगत नहीं है। अगर सरकार शीघ्र ही टैक्स वृद्धि को वापस नहीं लेती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Related posts