
मंडी/बरोट। जिले में बारिश और हिमपात से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बुधवार को दिनभर हल्की बारिश के बात रात को हुई बर्फबारी से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। ऊंचाई वाले इलाकाें में दो से 15 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ। इस कारण लोगों की एक गांव से दूसरे गांव की आवाजाही बंद हो गई है। साथ ही बिजली की आपूर्ति भी ठप पड़ी है। चौहारघाटी में लोगाें को सारी रात अंधेरे में ही काटनी पड़ी। परिवहन निगम की 16 फंसे विभिन्न रूटों पर फंसी हुई हैं।
चौहारघाटी और छोटा भंगाल में बर्फ से विद्युत तारें टूटने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई है। बुधवार की रात लोगों की घुप अंधेरे में ही कटी। वीरवार को विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने चौहारघाटी की बंद पड़ी कुछ लाइनों को बहाल कर दिया है। लेकिन छोटा भंगाल क्षेत्र में अभी भी करीब सात-आठ ट्रांसफार्मरों से विद्युत सप्लाई बंद पड़ी है। बर्फ अधिक होने के कारण यह बहाली का कार्य नहीं हो सका।
सराजघाटी में सबसे अधिक असर
बर्फबारी ने यातायात सेवा पर भी खासा असर डाला है। निगम की सोलह बसें बर्फबारी के बीच फंसी हुई हैं। इसमें मंडी डिपो की ग्यारह और सुंदरनगर डिपो की पांच बसें बर्फ प्रभावित रूटाें में अटकी हैं। मंडी डिपो की बाड़ा-परवाड़ा रूट में एक, कुल्थनी में दो, सांढला में दो जबकि शिकावरी, जंजैहली, सुधार, माहूंनाग और ज्यूरी में एक-एक बसें फंसी हैं। सुंदरनगर डिपो की ततापानी में दो और करसोग, कमांद एवं ब्रहग में एक-एक बसें फंसी है। बर्फबारी से सराजघाटी में यातायात सेवाआें पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। प्रभावित रूटों में कई निजी वाहनों के पहिये जाम हैं। आरएम विनोद कुमार ने कहा कि ताजा बर्फबारी से सराज और जंजैहली में कई रूटाें पर असर पड़ा है। बसें बर्फ प्रभावित रूटों में अभी फंसी हुई हैं।
