
चंबा(गीता)जिला भर में सोमवार को बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे ठप रही। सप्लाई ठप रहने से कई सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज बाधित रहा। इससे जिले की जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बाथरी के समीप गंढियार नामक स्थान पर मुख्य लाइन पर आसमानी बिजली गिरने से दो इन्सूलेटर टूट गए। इससे जिला को बिजली सप्लाई करने वाली दो प्रमुख लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। बिजली आपूर्ति सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर पूरे जिला में बंद हो गई। खराब मौसम के बावजूद विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आपूर्ति बहाल की। क्षति इतनी ज्यादा थी कि इसे ठीक करने में करीब पांच घंटे का समय लग गया। बिजली आपूर्ति ठप होने की सूचना मिलते ही स्थानीय एसडीओ पवन कुमार शर्मा कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंच गए। बारिश के चलते इन्सूलेटर बदलने में कर्मचारियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बिजली व्यवस्था ठप रहने से अस्पताल, कॉलेज व स्कूलों में परेशानी हुई। अस्पताल में मरीजों को जरूरी दस्तावेज फोटोस्टेट करवाने में दिक्कतें पेश आईं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से साइबर कैफों, फोटोस्टेट की दुकानों में कामकाज प्रभावित रहा। दो बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके बाद भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि 33 केवी लाइन पर आसमानी बिजली गिरने से तकनीकी खराबी आई थी। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। दो बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
परीक्षाएं बाधित
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से सोमवार को जमा एक की परीक्षा के आयोजन में भी दिक्कत आई। अधिकांश परीक्षा केंद्रों में बिजली न होने और कम रोशनी के चलते परीक्षा देनी पड़ी। बिजली न होने से विद्यार्थियों को परेशानी हुई।
बिजली रही गुल
खराब मौसम और बारिश के चलते जिला के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बीती रविवार रात से ही बिजली गुल हो गई थी। इससे ग्रामीणों को भारी ठंड में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला के कई क्षेत्रों में पहले ही कई दिनों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित चल रही है।
