जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-बागेश्वर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पद पर पर कांग्रेस के प्रशांत भैसोड़ा विजयी हुए। वह अब तक बैंक के प्रशासक भी थे। उपाध्यक्ष पद भाजपा के हिस्से आया। इस पद पर भाजपा के नरेंद्र सिंह चुने गए हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य सभी पदों के चुनाव में बराबर मत मिलने से टाई की स्थिति आ गई और बाद में सभी पदों के चुनाव लॉटरी के जरिए हुए।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के प्रशांत भैसोड़ा और भाजपा की मीना वर्मा, उपाध्यक्ष में भाजपा के नरेंद्र सिंह, कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह, राज्य सहकारी बैंक प्रतिनिधि के चार पदों के लिए जानकी पांडे, पान सिंह, बिंदु रौतेला, रमेश राम, हीरा सिंह महरा और राज्य सहकारी संघ प्रतिनिधि के एक पद के लिए प्रमोद रावत और प्रेम राम को बराबर सात-सात वोट मिले। चुनाव प्रक्रिया के तहत बराबर वोट मिलने पर विजेता का फैसला लॉटरी द्वारा किए जाने का नियम है।
इसके बाद पर्ची डालकर लॉटरी निकाली गई। लॉटरी में अध्यक्ष पद पर प्रशांत भैंसोड़ा विजयी हुए। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के नरेंद्र सिंह विजयी रहे। नरेंद्र सिंह कल संपन्न संचालक पद का चुनाव भी टाई होने के बाद लॉटरी से जीते थे। राज्य सहकारी बैंक के लिए जानकी पांडे (भाजपा), पान सिंह, रमेश राम, हीरा सिंह मेहरा (कांग्रेस) और राज्य सहकारी संघ प्रतिनिधि पद के लिए कांग्रेस के प्रेमराम के नाम पर लॉटरी निकली। चुनाव अधिकारी एसडीएम एससी द्विवेदी ने विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इधर विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने नव निर्वाचित सहकारी बैंक बोर्ड को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि बोर्ड प्रतिनिधि जनता और बैंक के हितों के लिए काम करेंगे।

Related posts