जिला योजना बैठक में भाजपा विधायकों का हंगामा

रुद्रपुर। जिला योजना की बैठक में जिला प्रभारी एवं विद्यालयी शिक्षा और पेयजल मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी के समक्ष भाजपा विधायकों ने 100 करोड़ के प्रस्ताव के सापेक्ष 7.28 करोड़ रुपये अनुमोदित कराए जाने की बात पर हंगामा काटा। बाद में 55.65 करोड़ की जिला योजना का परिव्यय अनुमोदित किया गया।
शुक्रवार को मंडी निदेशालय सभागार में जिला समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री नैथानी ने कहा कि बजट के सापेक्ष योजनाएं अधिक आई हैं। इसके चलते आवश्यकतानुसार प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इस पर भाजपा विधायकों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि बाजपुर और सितारगंज के विधायक गरीब हैं, सारा बजट वहां भेज दिया जाए, जिस पर वह प्रस्ताव पारित करने को तैयार हैं।
जिला मंत्री ने कहा कि नई व्यवस्था के अनुसार सभी प्रस्ताव ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत स्तर से अनुमोदन के बाद ही योजना में शामिल किए जा सकते हैं। उन्होंने जिन विभागों में अनुमोदित परिव्यय के सापेक्ष धनराशि अवमुक्त नहीं हुई उसके लिए जिले के संबंधित अधिकारी से की गई कार्रवाई का ब्यौरा तलब किया। उन्होंने कहा कि बजट को सभी क्षेत्रों में बराबर-बराबर बांटा जाएगा। किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।
खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में चार वर्ष से लगातार आपदा आ रही है। उन्होंने खटीमा को आपदाग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग की। काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि जिला योजना का प्रारूप बैठक के एक दिन पहले विधायकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि इसे 15 दिन पहले उपलब्ध कराया जाना चाहिए था। किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि दैवीय आपदा में बाजपुर और सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा रही है। जबकि भाजपा विधायकों के क्षेत्र में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने बैठक में मौजूद अफसरों को भी खरीखोटी सुनाई। उन्होंने 7.28 करोड़ की धनराशि को अपर्याप्त बताया। बाद में जनपद के लिए 55.65 करोड़ की योजना अनुमोदित की गई। जिसमें 33.73 करोड़ रुपये चालू और वचनबद्ध कार्यों के लिए रखी गई। जबकि 22 करोड़ की धनराशि नए कार्यों के लिए अनुमोदित की गई। इस मौके पर डीएम बृजेश कुमार संत, सांसद केसी सिंह बाबा, सीडीओ धीराज सिंह गर्ब्याल, विधायक राजकुमार ठुकराल, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा, मेयर सोनी कोली, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, पीडी बालकृष्ण, डीडीओ आरसी तिवारी, जिला सांख्यिकी अधिकारी राजेंद्र तिवारी, सीईओ सुषमा सिंह, डीईओ पीएन सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts