
हल्द्वानी/भीमताल। हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों की त्रिस्तरीय पंचायतें अधिकारियों के हवाले हो गई हैं। ब्लाक में एसडीएम और जिला पंचायत में डीएम प्रशासक बन गए हैं, जबकि गांवों में एसडीओ को पहले ही प्रशासक बनाया जा चुका है।
पिछले माह ग्राम पंचायतों में एडीओ स्तर के अधिकारी प्रशासक बने। अब हल्द्वानी और कोटाबाग ब्लाक प्रमुखों का कार्यकाल समाप्त होने पर एसडीएम हरबीर सिंह ने चार्ज ले लिया है, जबकि सभी जिला पंचायतों में जिलाधिकारियों को प्रशासक बनाया गया है। ऐसे में सभी पंचायतें अब अधिकारियों के हवाले हो गई हैं। जहां एक ओर पहले से ही लोग सार्वजनिक कार्यालयों में कार्मिकों की कमी से जूझ रहे थे, वहीं कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल के बीच अब दोहरी जिम्मेदारी से सरकारी कार्यालयों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। बीडीओ डा. निर्मला जोशी का कहना है कि वह प्रत्येक अभिलेख में हस्ताक्षर के साथ दिनांक भी अंकित कर रही हैं, ताकि बैकडेट की व्यवस्था न चल सके। जिला पंचायतराज अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल सोमवार रात को खत्म हो गया। शासन के निर्देशानुसार जिला पंचायत में प्रशासक का कार्यभार जिलाधिकारी ग्रहण करेंगे।
