
चंपावत। विश्व एड्स दिवस के मौके पर यहां सद्भावना क्रिकेट मैच हुआ। मुकाबले में जिला जज (डीजे) एकादश ने डीएम एकादश को 10 रनों से पराजित किया। मैच आखिरी ओवर तक चला। शानदार आलराउंड प्रदर्शन करने वाले डीएम एकादश के डा. आरके जोशी को मैन ऑफ दि मैच का पुरस्कार दिया गया।
गोरलचौड़ मैदान में हुए मुकाबले में डीजे एकादश के कप्तान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीएस दुग्ताल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबजी चुनी। निर्धारित 20 ओवरों में डीजे एकादश ने 158 रन बनाए। डीजे एकादश के लिए सबसे ज्यादा 31 रन हिमांशु वर्मा ने बनाए। बिजली विभाग के उपखंड अभियंता अजीत यादव और संदीप सिंह ने 21-21 रनों का योगदान दिया। डीएम एकादश के डा. आरके जोशी ने तीन और एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने दो विकेट लिए। गेंदबाजी करते समय पांव में मोच आने से डीएम एकादश के कप्तान दीपेंद्र कुमार चौधरी को मैदान से बाहर जाना पड़ा।
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएम एकादश की टीम की शुरुआत बेहद सुस्त रही। डीएम एकादश के लिए सबसे ज्यादा 41 रन डा. आरके जोशी ने बनाए। विशाल सक्सेना ने 23 और नीलम उप्रेती ने 18 रन बनाए। डीएम एकादश की टीम 148 रन बना आल आउट हो गई। डीजे एकादश के अजीत यादव ने चार और पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने दो विकेट लिए। अंपायरिंग राहुल गिरि और अनीस अहमद ने की, जबकि स्कोरर कमल बिनवाल थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और मनोज पांडेय ने सुनाया। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार पौरी सहित तमाम अधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद थे।
