
चंबा। बारिश के कारण बागबानों को करोड़ों रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है। बीते सप्ताह में हुई भारी बारिश से सेब, प्लम, खुमानी, आडू, नाशपाती की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उद्यान विभाग के आरंभिक आकलन के मुताबिक चंबा जिला में 25 करोड़ का बागबानी को नुकसान पहुंचा है। ब्रेही, प्यूहरा, कियूंर, किलोड़, लग्गा, कुठेहड, अंदरोड़, जांघी क्षेत्रों में सेब व खुमानी की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा और बारिश के कारण बागबानों को काफी चूना लगा है। जिला उद्यान विभाग ने समस्त ब्लाकों से नुकसान की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। जिला के बागवान प्रशासन से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा मिलने की उम्मीद पाले हुए हैं। मैहला खंड के उद्यान विकास अधिकारी रमन अंगारिया ने बताया कि मैहला ब्लाक में 21 व 22 जून को हुई भारी बारिश व ओलावृष्टि से सेब व अन्य फलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे तकरीबन 10 करोड़ के फल बर्बाद हो गए हैं। उद्यान विभाग के उपनिदेशक बीआर ठाकुर ने बताया कि जिला में 50 फीसदी के करीब फसल खराब हुई हैं। इससे करीब 25 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।
