जिला अस्पताल में नहीं हो रहे हिमोग्राम टेस्ट

चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में हिमोग्राम के टेस्ट नहीं हो रहे हैं। इस कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमोग्राम का टेस्ट करवाने के लिए प्राइवेट लैब में सैकड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इस टेस्ट को करवाने के लिए मरीजों को बाहरी क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। मरीजों की बीमारी का सही पता लगाने के लिए यह टेस्ट होना बेहद जरूरी है। इस टेस्ट से मनुष्य के शरीर में रक्त के कणों के बारे में पता चलता है। इससे गंभीर बीमारियों का इलाज करने में काफी आसानी होती है। हिमोग्राम की जांच से इन्फेक्शन से होने बीमारियों और रक्त की कमी के बारे में पता चलता है। इससे चिकित्सकों को उपचार करने में भी मदद मिलती है। पता चला है कि क्षेत्रीय अस्पताल में हिमोग्राम का टेस्ट करने के उपकरण और स्वास्थ्य कर्मी उपलब्ध हैं। एक उपकरण में तकनीकी खराबी के चलते टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन उपकरण की मरम्मत करवाने में असफल रहा है। इसी के चलते मरीजों को अन्य जगहों का रुख करना पड़ रहा है। हिमोग्राम का टेस्ट करने के लिए चंबा में एक ही निजी क्लीनिक है। जहां मरीजों से भारी भरकम फीस वसूली जाती है। सरकारी अस्पताल में इस टेस्ट को करवाने के लिए मरीजों को दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है।
इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने कहा कि वे आउट आफ स्टेशन हैं। यह बात उनके ध्यान में नहीं है। जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Related posts