
पिरानकलियर। दरगाह में जियारत करती हल्द्वानी निवासी महिला से दिनदहाड़े हार झपट लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर पैदल ही फरार हो गया।
हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड निवासी समीना बृहस्पतिवार को अपने पति शमीम साथ जियारत करने आई थी। समीना दरगाह में जियारत कर रही थी। इसी बीच एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाते हुए उसके गले में पड़ा तीन तोले का सोने का हार झपट लिया। इससे पहले की महिला और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी पैदल ही वहां से फरार होने लगा। महिला के शोर मचाने पर भीड़ एकत्र हो गई। कुछ लोगों ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह भीड़ में गुम हो गया। महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोगों का आरोप है कि सरेआम पुलिस चौकी के पास ही महिला से सोने का हार झपट लिया गया। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर लोग अंगुली उठा रहे हैं।
टप्पेबाज ने जायरीन का पर्स उड़ाया
कलियर। एक टप्पेबाज ने अमृतसर के जायरीन का पर्स साफ कर दिया। पर्स में दो हजार रुपये और ट्रेन का टिकट था। पंजाब के अमृतसर निवासी सुरेश कलियर में जियारत के लिए आया था। भीड़ का फायदा उठाकर टप्पेबाज ने जेब काटकर पर्स निकाल लिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
