जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर पालिका परिषद में पिछली बोर्ड के कार्यकाल में हुई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में शीघ्र एफआईआर दर्ज होगी। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक इस संबंध में शासन का आदेश जिला मुख्यालय पहुंच चुका है। एफआईआर किन-किन के खिलाफ होगी इस बारे में प्रशासन ने फिलहाल निर्णय नहीं लिया है।
प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पालिका परिषद में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर 2010 में कई सभासद धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद शासन ने मामले की जांच जिलाधिकारी को सौंपी थी। जानकारी के मुताबिक वित्तीय अनियमितताओं के अलावा कार्मिकों की नियुक्तियों में भी गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। इधर बीते दिनों पूर्व बोर्ड के सभासद ललित किशोर पंत ने भी पालिका परिषद में हुई वित्तीय और अन्य अनियमितताओं के बारे में लोकायुक्त में शिकायत की थी। गत दिनों इस प्रकरण में नैनीताल हाईकोर्ट में भी एक जनहित याचिका भी दायर हो चुकी है।
शासन ने अब तत्कालीन बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारियों और पदाधिकारियों के खिलाफ अल्मोड़ा के जिलाधिकारी को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता फिलहाल बाहर हैं। डीएम ने फोन पर बताया कि शासन के आदेश अल्मोड़ा पहुंच चुके हैं, इस पर शीघ्र निर्णय होगा। एडीएम प्रशांत कुमार आर्या ने भी शासन के आदेश पहुंचने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एफआईआर किन-किन लोगों के खिलाफ होगी इस बारे में जिलाधिकारी निर्णय लेंगे।

Related posts