
जोगिंद्रनगर (मंडी )। उपमंडल जोगिंद्रनगर के निकटवर्ती गांव जिम्माजिमा में पहाड़ी में पड़ी दरार से भारी मात्रा में मलबा तथा चट्टानों के गिरने से लोग सहम गए हैं। सोमवार सुबह हुई भारी बरसात के कारण पहाड़ी से मलबा और चट्टानें गिरने से नाले में आए उफ ान से पानी राजकीय माध्यमिक पाठशाला पंचजन में घुस गया। इससे स्कूल की संपत्ति को नुकसान हुआ है। स्कूल के बच्चों को सोमवार को छुट्टी देनी पड़ी। मलबे और चट्टानों से अंदरली बडोंखर के शिव मंदिर और जिम्मजिमा पुल को खतरा पैदा हो गया है। यहां के विजय कुमार, ईश्वर दास और धनी राम ने प्रशासन से मांग की है कि जान और माल की हिफ ाजत की जाए। मिडिल स्कूल की हेड टीचर ने कहा कि स्कूल में भारी मलबा और पानी घुसने के कारण बच्चों को छुट्टी दी गई है। पहाड़ी से हो रहे भारी भूस्खलन के कारण नाले का जल स्तर बढ़ने के कारण पैदा हुई स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम जोगिंद्रनगर किशोरी लाल ने मौके का दौरा किया। उन्होंने बंडोखर गांव के लोगों से कहा कि पहाड़ी से गिर रहे मलबे और चट्टानों को देखते हुए रात के समय अपने घराें में न सोएं। पंचायत के पूर्व प्रधान तेज सिंह ने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों के ठहरने का प्रबंध किया जाए।
