जिप ने 1038 कार्य योजनाओं को मंजूरी दी

मंडी। जिले में मनरेगा के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से बीस करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। जिला परिषद मंडी की विशेष बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया। अध्यक्षता जिला परिषद के अध्यक्ष खीरा मणी ने की। इसमें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत विभिन्न लाइन डिपार्टमेंटों की ओर से कार्यान्वित की जाने वाली 1038 कार्य योजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। इन पर 20 करोड़ 27 लाख 27 हजार रुपये की राशि व्यय की जाएगी। जिप अध्यक्ष खीरा मणी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से 232, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14, बागवानी विभाग 394, भू संरक्षण विभाग की ओर से 175, कृषि विभाग की ओर से 17, वन विभाग द्वारा 69, मत्स्य विभाग की ओर से 7 कार्य योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। इसके अलावा 89 अन्य कार्य योजनाएं विभिन्न खंड विकास कार्यालय क्षेत्रों में क्रियान्वित की जाएंगी। 13वें वित्तायोग के अंतर्गत मंडी जिला के प्रत्येक जिला परिषद सदस्य द्वारा 13 लाख 50 हजार की राशि व्यय की जानी है। उन्होंने जिला परिषद सदस्यों से आह्वान किया कि वह अपने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करें ताकि उनमें गुणवत्ता बनी रहे तथा निर्धारित समयावधि में विकास कार्य पूरे हो सकें। जिला परिषद सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी रमन शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत किया।

Related posts