जाहू में पकड़े 9.76 लाख के स्वर्ण आभूषण

बिलासपुर। टैक्स की अदायगी किए बगैर स्वर्ण आभूषणों की बिक्री के लिए मंगलवार को जाहू बाजार पहुंचे एक व्यक्ति को आबकारी एवं कराधान विभाग की ऊना उड़न दस्ते ने धर दबोचा। दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उससे टैक्स व जुर्माने के रूप में ढाई लाख से अधिक राशि मौके पर ही वसूली है। चार दिन के भीतर इस तरह की कर चोरी का यह दूसरा मामला पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार एईटीओ अमरनाथ शर्मा की अगुवाई में उड़नदस्ता ऊना की एक टीम मंगलवार को जाहू में चेकिंग कर रही थी। टीम में रमन, देवेंद्र व कश्मीर सिंह शामिल थे। दोपहर बाद करीब चार बजे विभागीय टीम ने एक व्यक्ति को कंधे पर बैग लटकाए पैदल जाते देखा। संदेह होने पर उसे पूछताछ के लिए रोका गया। जांच करने पर बैग से 22 कैरेट सोने के गहने बरामद हुए। जयसिंहपुर (कांगड़ा) के गंदड़ गांव का रहने वाला तिलकराज नामक व्यक्ति इन गहनों का कोई बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने वैट फार्म भी नहीं भरा था। गहनों के साथ वह होशियारपुर से बस में जाहू पहुंचा था।
तिलकराज से मिले सोने के गहनों का वजन 415 ग्राम निकला। इनकी कीमत 9,76,307 रुपए आंकी गई। दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उससे टैक्स व जुर्माने के रूप में 2,53,840 रुपए की राशि मौके पर ही वसूल कर ली गई। एईटीओ अमरनाथ शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। गौरतलब है कि गत 29 जून को उड़नदस्ता ऊना की ही टीम ने ऊना के बंगाणा में कांगड़ा के देहरा के रहने वाले एक व्यक्ति से 38.12 लाख रुपए के गहने बरामद किए थे। उससे टैक्स व जुर्माने के रूप में लगभग 9.91 लाख वसूले गए थे।

Related posts