जाली दस्तावेज पर लोन मामले में जांच तेज

काईस (कुल्लू)। कुल्लू शहर के केनरा बैंक में जाली दस्तावेजों और रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ करने वाले पांच लोगों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर काईस क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच तेज कर दी है। बैंक में जमीन का जाली पर्चा और नकली कागजात पेश कर बैंक से तीन लाख रुपये लोन लेने वाले लोगों में पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी अग्रिम जमानत लेने की फिराक में हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में क्षेत्र की एक पंचायत के प्रधान और भाजपा के एक युवा नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक केनरा बैंक के प्रबंधक ने जाली पर्चा और नकली कागजात पेश करने पर तीन लाख का लोन लेने पर पांच लोगों पर केस दर्ज करवाया है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जाली दस्तावेजों को खंगाल रही है। जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts