जान जोखिम में डाल मणिमहेश जा रहे श्रद्धालु

भरमौर (चंबा)। श्रीखंड, केदारनाथ व अमरनाथ में हुए जानमाल के नुकसान का भय भी मणिमहेश यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को नहीं रोक पा रहा है। जैसे-जैसे मणिमहेश यात्रा का समय नजदीक आ रहा है, वैसे ही श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु डल झील की ओर कूच करते हुए देखे जा सकते हैं। पिछले साल की केदारनाथ त्रासदी और इस साल श्रीखंड महादेव यात्रा पर हुई चार श्रद्धालुओं की मौत के बावजूद श्रद्धालु बिना यात्रा के प्रबंधों के जान जोखिम में डालकर मणिमहेश पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने यात्रा पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद श्रद्धालु मनमानी कर यात्रा पर जा रहे हैं। इससे हादसे का डर बना हुआ है। पंजाब से मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे हरमीत, जगपाल, परविंद्र, हरियाणा के तिलक, रोहित, राजीव, संजय, लाहोल के प्रहलाद, बिमला, राजीव ठाकुर ने बताया कि वे तीसरी बार मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि सावन माह में वह यात्रा करना शुभ मानते हैं। इसके चलते वह इन दिनों शिव के द्वार माथा टेकने पहुंचे हैं। उधर, एडीएम भरमौर लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि जब तक डल झील तक यात्रा के प्रबंधों का जायजा नहीं लिया जाता, तब तक यात्रा पर प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जान जोखिम में डाल यात्रा न करें।

Related posts