जानवरों की हड्डियों के साथ तीन बालक पकड़े

काशीपुर। कार्बेट नेशनल पार्क के एक पशु चिकित्सक ने रामनगर से काशीपुर आ रही सवारी गाड़ी में सफर के दौरान तीन बालकों को पकड़ लिया। फिर जीआरपी के हवाले कर दिया। बालकों के पास जानवरों की हड्डियों से भरे तीन कट्टे बरामद हुए हैं। आशंका है कि किशोर रामनगर के जंगलों से जंगली जानवरों की हड्डी बीनकर लाए हैं।
मंगलवार शाम को कार्बेट पार्क में तैनात पशु चिकित्सक डा.भारत सिंह जल संस्थान रामनगर में तैनात अरुण कुमार के साथ रामनगर से मुरादाबाद जाने वाली सवारी रेलगाड़ी में काशीपुर के लिए आ रहे थे। उसी डिब्बे में तीन किशोर भी रामनगर से काशीपुर के लिए ट्रेन में बैठे। बालकों के पास एक-एक कट्टा था। कट्टों से दुर्गंध आ रही थी। डा.भारत को लगा कि कोई वन जीवों का शिकार कर उनके माध्यम से हड्डियों को तस्करी कर बाहर भेज रहा है। डाक्टर ने अपने साथी की मदद से काशीपुर में रेलगाड़ी के रुकते ही तीनों बालक को संदिग्ध हड्डियों के साथ पकड़ कर जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया।
इनसे बरामद हड्डियों के कट्टे खोल कर फैलाया गया तो हड्डियों के साथ टूटे खिलौने भी थे। पकडे़ गए किशोर ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) यूपी निवासी हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। न ही कोई वन अधिकारी जांच के लिए पहुंचा।

Related posts