जागेश्वर धाम की व्यवस्था को कमेटी गठन का निर्णय

अल्मोड़ा। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जागेश्वर धाम और मंदिर समूह की देखरेख के लिए उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस कमेटी में जिलाधिकारी अल्मोड़ा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी जागेश्वर और उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा नामित सदस्य शामिल होंगे। यह समिति जागेश्वर मंदिर समूह के प्रबंधक की नियुक्ति भी करेगी। प्रशासन ने प्रबंधक पद के लिए आवेदन मांग लिए हैं। प्रबंधक की नियुक्ति पर अंतिम मुहर प्रदेश के राज्यपाल लगाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जागेश्वर धाम में चढ़ावे के बारे में अमर उजाला में प्रकाशित एक खबर का संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय ने इसे रिट याचिका के रूप में स्वीकार कर लिया था। बीते दिनों इस मामले में हाईकोर्ट ने अपने एक आदेश में जागेश्वर मंदिर समूह की देखरेख की उचित व्यवस्था के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस समिति में जिलाधिकारी अल्मोड़ा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी जागेश्वर और उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा नामित सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट के निर्देश पर जागेश्वर गांव के निकटवर्ती क्षेत्र में निवास करने वाले एक व्यक्ति को मंदिर समूह के प्रबंधक के रूप में नियुक्त किया जाना है। उसकी नियुक्ति तीन साल के लिए होगी और तीन साल बाद दूसरा व्यक्ति प्रबंधक बनाया जाएगा। प्रबंधक को हर माह 20 हजार रुपये वेतन मिलेगा। डीएम ने बताया कि प्रबंधक पद के लिए आवेदन मांग लिए गए हैं। किसी कार्य क्षेत्र में पांच साल का अनुभव रखने वाले स्नातक योग्यताधारी व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए हैं। कमेटी द्वारा आवेदन पत्रों पर विचार करने के बाद 10 आवेदकों की सूची राज्यपाल को भेजी जाएगी।

Related posts