जागरण के नाम पर जबरन वसूली!

मलोखर (बिलासपुर)। बागा सीमेंट उद्योग से ढुलान कर रही खारसी सभा के कुछ आपरेटर कथित तौर पर किसी धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन के नाम पर जबरन वसूली कर रहे हैं। आरोप है कि पैसा न देने वालों के साथ मारपीट करने के साथ ही उनके ट्रकों के गेटपास भी रोके जा रहे हैं। बुधवार को कुछ आपरेटरों ने खारसी चौकी में इसकी शिकायत की। उधर, खारसी सभा ने किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से इंकार करते हुए कहा है कि यदि कोई आपरेटर जबरन वसूली करता पाया गया तो उसकी गाड़ी ब्लैक लिस्ट कर दी जाएगी।
बुधवार को पुलिस चौकी पहुंचे खारसी सभा के आपरेटरों सुखदेव ठाकुर व बलदेव ठाकुर ने कहा कि सभा से ही जुड़े कुछ लोग जागरण के आयोजन के नाम पर जबरन 500-500 रुपए की वसूली कर रहे हैं। आपत्ति जताने वालाें के साथ मारपीट की जा रही है। साथ ही उनकी गाड़ियों के गेट पास भी रोके जा रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में अन्य आपरेटर इस कथित वसूली का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
खारसी चौकी प्रभारी एएसआई जगपाल ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इसकी जांच की जा रही है। उधर, वसूली के इस मामले को खारसी सभा ने भी गंभीरता से लिया है। सचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि सभा की ओर से किसी भी कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो रहा है। ऐसे में पैसे एकत्रित करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्हें मिली जानकारी के अनुसार कुछ आपरेटर अपने स्तर पर किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं। सभी आपरेटरों को कड़ी हिदायत दी गई है कि वे किसी से जबरन वसूली न करें। ऐसा करने वालों की गाड़ी ब्लैक लिस्ट कर दी जाएगी। नोटिस बोर्ड पर भी यह सूचना प्रदर्शित कर दी गई है।

Related posts