
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में आई त्रासदी के बाद से केदारघाटी के कई गांवाें में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। रसोई गैस सिलेंडराें की आपूर्ति न होने से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणाें का कहना है कि बिजली न होने से रात दहशत में काटनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी भरत कुर्मांचली ने बताया कि फाटा, ब्यूंगगाड, तोषी, जामू, रैलगांव समेत कई गांवाें में विद्युत आपूर्ति बाधित है। दिन तो किसी तरह कट रहे हैं, लेकिन रातें जागकर काटनी पड़ रही हैं। इसके अलावा क्षेत्र में दो माह से रसोई गैस सिलेंडराें की सप्लाई भी नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणाें के सामने चूल्हा जलाने का संकट भी मंडराने लगा है। उन्होंने प्रशासन पर गांवाें की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन मात्र गुप्तकाशी तक ही सुविधाआें पर ध्यान दे रहा है जबकि यहां ग्रामीण बदतर स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं।
