
रामपुर बुशहर। बीएमओ कार्यालय रामपुर में रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। इसमें आधा दर्जन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का करीब पंद्रह लाख रुपये का बजट पास किया गया, जो इन केंद्रों में मरीजों के लिए सुविधाएं जुटाने पर खर्च किया जाएगा। बीएमओ डा. राजस्वी आजाद ने बैठक में शरीक पीएचसी के चिकित्सकों से कहा कि मरीजों की जांच में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। केंद्रों तक आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार देना सुनिश्चित करें। बैठक में ज्यूरी और तकलेच पीएचसी में रेडियोग्राफर तथा लैब तकनीशियन की तैनाती आरकेएस से करने की मांग जनप्रतिनिधियों ने उठाई। इस पर बीएमओ ने कहा कि यहां पर आउटसोर्सिंग से इन कर्मचारियों की तैनाती संभव है। उन्होंने कहा कि अगर इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कोई रेडियोग्राफर, लैब तकनीशियन है और वे काम करने को तैयार हैं, तो इनकी सूची तैयार करें। उनके साथ बातचीत करके एक्सरे प्लांट व लैब को चलाने के प्रयास किए जाएंगे। आरकेएस की बैठक में तकलेच, गोपालपुर, ज्यूरी, खोलीघाट, लालसा और गौरा पीएचसी के चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक में डा. राजन नेगी, डा. विजय, डा. सोम प्रकाश, डा. विशाल के अलावा लालसा प्रधान उमा शर्मा, तकलेच प्रधान नंदलाल बुशैहरी, समिति सदस्य द्रोपती शर्मा, मोहन सिंह मेहता, केसी जिस्टू आदि मौजूद थे।
